इंदौर/ आगर मालवा 16 Jan, (Rns) । भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गौतम गंभीर शुक्रवार को आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे। इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले तीसरे एकदिवसीय मुकाबले से पहले उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से दर्शन कर विशेष पूजा और हवन किया।
मां बगलामुखी के दरबार में गौतम गंभीर ने देश की सुख-शांति और टीम इंडिया की जीत की कामना की। मान्यता है कि मां बगलामुखी में हवन और अनुष्ठान करने से शत्रु पराजित होता है, विरोधी शक्तियां निष्क्रिय होती हैं और विजय का मार्ग खुलता है। इसी आस्था के तहत वह विशेष हवन में शामिल हुए। पूजा के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।

