हरिद्वार,16 जनवरी (आरएनएस)। महानगर व्यापार मंडल ने चाइनीज मांझे से बढ़ती दुर्घटनाओं को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी को पत्र लिखकर बसंत पंचमी तक बड़े स्तर पर रोकथाम अभियान चलाने की मांग की है। संगठन ने पुलिस, नगर निगम, परिवहन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को इस अभियान में शामिल करने की अपील की है। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी को अवगत कराया कि केवल पुलिस की कार्रवाई से इस जानलेवा चाइनीज मांझे पर पूरी तरह अंकुश लगाना संभव नहीं है। इसके लिए जिला स्तर पर एक व्यापक और संयुक्त ड्राइव चलाने की आवश्यकता है, जिसमें सभी संबंधित विभाग सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने मांग की कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने, भंडारण करने के साथ-साथ इसका उपयोग करने वालों पर भी सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। सेठी ने कहा कि हर वर्ष मांझे से होने वाली दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो आम राहगीरों और विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। लोग घर से निकलने में भी डर महसूस करने लगे हैं। यदि जिला स्तर पर सभी विभाग मिलकर सख्त अभियान चलाएं तो निश्चित रूप से चाइनीज मांझे के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। इस मांग का समर्थन करने वालों में सुनील मनोचा, मुकेश अग्रवाल, युवराज बिष्ट, लालजी यादव, हरिमोहन भारद्वाज, प्रीत कमल, सोनू चौधरी, रमन सिंह, राकेश सिंह, पवन पांडे आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

