चंडीगढ़ ,16 जनवरी (आरएनएस)। चंडीगढ़ में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक्टिवा सवार युवक पर हमलावरों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को सेक्टर-16 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सुमित उर्फ गोलू के रूप में हुई है, जो मौलीजागरां (चंडीगढ़) का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, सुमित एनडीपीएस (ड्रग्स) केस में हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
एक्टिवा छोड़कर भागने की कोशिश, लेकिन बच न सका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के लिए बुलेट बाइक पर सवार दो युवक आए थे। दोनों ने हेलमेट पहने हुए थे और एक के हाथ में धारदार हथियार था। सेक्टर-37 स्थित बीजेपी दफ्तर के पास पेट्रोल पंप के नजदीक हमलावरों ने सुमित पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों में किए गए वार से वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया।
ज्यादा खून बहने के कारण सुमित करीब 50 मीटर दूर अपनी एक्टिवा सहित गिर पड़ा। इसके बाद उसने हेलमेट उतारकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन महज 20 कदम ही चल पाया और सड़क पर गिर गया। पुलिस को घटनास्थल से मृतक की एक्टिवा और एक जूता बरामद हुआ है।
हाई सिक्योरिटी इलाके में वारदात
घटना स्थल के आसपास पंजाब और केंद्र सरकार के कई बड़े दफ्तर हैं। इसके बावजूद, 24 घंटे आवाजाही वाले इस इलाके में दिनदहाड़े हुई हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शादी के दो हफ्ते बाद उजड़ा घर
मृतक के दोस्त कुनाल ने बताया कि सुमित उर्फ गोलू की महज दो हफ्ते पहले ही शादी हुई थी। वह कुनाल की एक्टिवा पर कुछ सामान लेने निकला था और जूते खरीदकर लौट रहा था, तभी उस पर हमला कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि वे पिछले एक साल से लगातार शिकायतें कर रहे थे, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

