विदिशा 16 जनवरी (आरएनएस)।मध्य प्रदेश के विदिशा में शुक्रवार को आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शहर के शेरपुरा स्थित समाधान अपार्टमेंट में आयकर विभाग की टीम ने अचानक छापा मारा। मिली जानकारी के अनुसार, यह रेड जिला पंचायत अध्यक्ष के भाई और प्रतिष्ठित ठेकेदार दिलीप रघुवंशी के कार्यालय पर की गई है। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
सूत्रों के मुताबिक, टीम ठेकेदार के वित्तीय दस्तावेजों और लेन-देन के रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है। अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं है। फिलहाल, विभाग की ओर से इस छापेमारी के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इसे बड़े कर-अघोषणा मामले से जोड़कर देखा जा रहा है।

