फरहान अख्तर की फिल्म 120 बहादुर की ग्लोबल स्ट्रीमिंग का ऐलान कर दिया गया है। यह फिल्म पिछले साल 21 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। करीब 2 महीने बाद और गणतंत्र दिवस से ठीक कुछ दिन पहले निर्माताओं ने इसे ओटीटी पर स्ट्रीम कर दिया है। फरहान ने सोशल मीडिया पर खुद फिल्म की स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी साझा की है। रजनीश रेजी घई द्वारा निर्देशित 120 बहादुर भारतीय सैन्य इतिहास के एक यादगार अध्याय से प्रेरित है।
एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी 120 बहादुर को 16 जनवरी से अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध कराया गया है। हालांकि इसे देखने का लुत्फ सिर्फ वही लोग उठा सकेंगे जिनके पास सब्सक्रिप्शन होगा। आईएमडीबी पर इस फिल्म को 7.2 की रेटिंग दी गई है। हालांकि बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन कुछ खास नहीं था।इसने बॉक्स ऑफिस पर महज 20 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। फिल्म में फरहान के अलावा, राशि खन्ना और एजाज खान प्रमुख किरदार में हैं।
120 बहादुर 1962 के भारत-चीन युद्ध की रेजांग ला की ऐतिहासिक लड़ाई से प्रेरित एक वॉर ड्रामा है। फरहान इसमें मेजर शैतान सिंह भाटी का किरदार निभा रहे हैं, जिन्होंने 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी के 120 भारतीय जवानों के साथ मिलकर 3000 चीनी सैनिकों का सामना किया था। माइनस 24 डिग्री तापमान में भारतीय जवानों के संघर्ष और बलिदान की गाथा को बड़े पर्दे पर बखूबी उतारा गया है। फिल्म में अंकित सिवाच और विवियन भटेना भी हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

