नईदिल्ली,17 जनवरी। बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया ने टी20 स्क्वाड में तिलक वर्मा और वॉशिंगटन सुंदर के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया. न्यूजीलैंड के खिलाफ आने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए बल्लेबाज श्रेयस अय्यर और लेग-स्पिनर रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया गया है.
जहां बिश्नोई चोटिल ऑफ-स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर की जगह आएंगे, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में बल्लेबाज करते समय साइड स्ट्रेन की वजह से तकलीफ में थे. वहीं अय्यर बाएं हाथ के बैट्समैन तिलक वर्मा की वजह से पहले तीन मैचों में होंगे, जो पेट के निचले हिस्से की सर्जरी से उबर रहे हैं.
बिश्नोई लगभग एक साल बाद टीम में वापसी कर रहे हैं. उन्होंने आखिरी बार फरवरी 2025 में मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच में भारत के लिए खेला था. बिश्नोई ने अब तक 42 टी20 इंटरनेशनल में 7.35 की इकॉनमी रेट से 61 विकेट लिए हैं.
वहीं अय्यर दो साल बाद टी20 टीम में वापसी कर रहे हैं. उन्होंने आखिरी बार दिसंबर 2023 में बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल खेला था. अय्यर ने अब तक कुल 51 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 30.66 की औसत और 136.12 के स्ट्राइक-रेट से 1104 रन बनाए हैं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज 21 जनवरी से शुरू होगी. भारत और न्यूजीलैंड की ये सीरीज 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले दोनों टीमों का आखिरी इंटरनेशनल असाइनमेंट है.
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (पहले तीन टी20 मैच), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई.
००

