रांची,17 जनवरी। मेंस हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 में रांची शानदार फॉर्म जारी रखते हुए अपने घरेलू चरण का समापन लगातार तीसरी जीत के साथ किया. शुक्रवार को मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रांची रॉयल्स ने छ्वस्ङ्ख सूरमा हॉकी क्लब को 4-1 से हराकर अंक तालिका में तीसरा स्थान हासिल कर लिया.
रांची रॉयल्स की जीत में टॉम बून ने अहम भूमिका निभाई और दो गोल दागे. उन्होंने 20वें और 22वें मिनट में गोल कर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई. इसके अलावा मनमीत सिंह राय ने 14वें मिनट में खाता खोला, जबकि मंदीप सिंह ने 47वें मिनट में चौथा गोल कर जीत पक्की कर दी. जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब की ओर से जीतपाल ने 52वें मिनट में एकमात्र गोल किया.
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमें आक्रामक रुख अपनाए हुए थी. शुरुआती पांच मिनट के भीतर ही जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन रांची रॉयल्स के गोलकीपर सूरज करकेरा ने शानदार बचाव करते हुए टीम को बढ़त से दूर रखा.
पहले क्वार्टर में सूरमा को तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वे किसी भी मौके को भुना नहीं सके. पहले 15 मिनट में दोनों टीमों के आठ-आठ सर्कल एंट्री रहे, बावजूद इसके खेल के विपरीत रांची रॉयल्स ने 14वें मिनट में बढ़त बना ली. सैम लेन के रिबाउंड को मनमीत सिंह राय ने गोल में तब्दील कर टीम को आगे कर दिया.
पहला गोल होने के बाद रांची रॉयल्स का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने पासिंग के जरिए सूरमा की डिफेंस पर दबाव बनाना शुरू किया. इसका नतीजा 20वें मिनट में देखने को मिला, जब लाचलान शार्प के शॉट के बाद मिले मौके पर टॉम बून ने नजदीक से गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी. इसके ठीक दो मिनट बाद टॉम बून ने पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक से गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया. पहले हाफ के अंत तक रांची रॉयल्स मुकाबले पर पूरी तरह हावी नजर आई.
दूसरे हाफ में जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब ने वापसी की कोशिश की। एक मौके पर उनका शॉट गोल लाइन से बाहर निकाल दिया गया. जिससे रांची रॉयल्स की तीन गोल की बढ़त बरकरार रही. तीसरे क्वार्टर में मेजबान टीम ने खेल की रफ्तार को नियंत्रित करते हुए कुछ और मौके भी बनाए.
चौथे और अंतिम क्वार्टर की शुरुआत में ही रांची रॉयल्स ने मुकाबले को पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया. अराइजित सिंह हुंडाल के शानदार पास पर मंदीप सिंह ने गोलकीपर को छकाते हुए 47वें मिनट में चौथा गोल दागा. इसके बाद भी जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब ने प्रयास जारी रखे और 52वें मिनट में जीतपाल ने गोल कर अंतर कम किया, लेकिन यह गोल सिर्फ सांत्वना साबित हुआ.
रांची रॉयल्स ने 4-1 की जीत के साथ अपने घरेलू चरण का शानदार समापन किया और मेंस हॉकी इंडिया लीग 2025-26 में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

