ढाका/राजबाड़ी ,17 जनवरी । बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हिंसा और अत्याचार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजबाड़ी जिले में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के एक प्रभावशाली नेता ने एक हिंदू पेट्रोल पंप कर्मचारी को अपनी कार से कुचलकर मार डाला। विवाद महज ईंधन के भुगतान को लेकर शुरू हुआ था। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रिपन साहा के रूप में हुई है, जो ‘करिम फीलिंग स्टेशनÓ पर काम करता था। इस नृशंस हत्या के बाद स्थानीय हिंदू समुदाय में गहरा आक्रोश और डर का माहौल है।
पेट्रोल के पैसे मांगने पर चढ़ा दी गाड़ी
घटना शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे की है। पुलिस और चश्मदीदों के मुताबिक, बीएनपी की राजबाड़ी जिला इकाई के पूर्व कोषाध्यक्ष और युवा विंग (जूबो दल) के पूर्व जिला अध्यक्ष अबुल हाशेम सुजन अपनी काली लैंड क्रूजर जीप लेकर पंप पर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी गाड़ी में करीब 5,000 टका (बांग्लादेशी मुद्रा) का ऑक्टेन भरवाया। तेल भरवाने के बाद जब कर्मचारी रिपन साहा ने पैसे मांगे, तो सुजन ने भुगतान करने के बजाय वहां से भागने की कोशिश की। जब रिपन ने गाड़ी के सामने आकर उन्हें रोकने का प्रयास किया और अपने पैसे मांगे, तो नेता और उसके ड्राइवर कमल हुसैन ने रिपन के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि तैश में आकर उन्होंने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और रिपन को रौंदते हुए निकल गए।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिपन साहा की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी के पहियों के नीचे आने से रिपन का सिर और चेहरा बुरी तरह कुचल गया था और उनका शव ढाका-खुलना हाईवे पर क्षत-विक्षत हालत में मिला। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे नेता की गाड़ी पंप पर आई, रिपन उनके पास खड़ा था और फिर बिना पैसे दिए गाड़ी उसे कुचलते हुए भाग निकली। राजबाड़ी सदर पुलिस स्टेशन के ओसी खोंडकर जियाउर रहमान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।
नेता और ड्राइवर गिरफ्तार, बीएनपी ने झाड़ा पल्ला
पुलिस ने छापेमारी करते हुए मुख्य आरोपी अबुल हाशेम सुजन को सदर उपजिला स्थित बारो मुरारीपुर गांव के उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही गाड़ी चला रहे ड्राइवर कमल हुसैन को भी हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लैंड क्रूजर जीप को भी जब्त कर लिया है। दूसरी ओर, मामला तूल पकड़ता देख बीएनपी ने आरोपी नेता से किनारा कर लिया है। बीएनपी के जिला संयोजक खैरुल अनाम बकुल ने सफाई देते हुए कहा कि सुजन ने काफी पहले ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया था और अब उनका संगठन से कोई लेना-देना नहीं है, हालांकि स्थानीय लोग उसे बीएनपी के नेता के तौर पर ही जानते हैं।
अल्पसंख्यकों में दहशत का माहौल
भले ही पुलिस इसे प्राथमिक तौर पर भुगतान को लेकर हुआ विवाद मान रही है, लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे लगातार हमलों के बीच इसे भी सांप्रदायिक दृष्टि से देखा जा रहा है। एक मामूली विवाद में जिस क्रूरता से एक हिंदू युवक की हत्या की गई, उसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय हिंदू संगठनों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि पीडि़त परिवार को न्याय मिल सके।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

