लंदन/वेस्ट ब्रॉमविच ,17 जनवरी । ब्रिटेन के वेस्ट ब्रॉमविच स्थित गुरु नानक गुरुद्वारा साहिब की पवित्रता भंग करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 42 वर्षीय टॉमाज ब्रुच को गुरुद्वारे के बाहर जानबूझकर कच्चा मांस फेंकने के आरोप में चार्ज किया है। पुलिस ने इसे ‘हेट क्राइमÓ (घृणा अपराध) मानते हुए कार्रवाई की है। खास बात यह है कि पुलिस की यह तत्परता तब देखने को मिली जब स्थानीय लेबर सांसद सारा कूम्ब्स ने इस संवेदनशील मुद्दे को ब्रिटेन की संसद में जोर-शोर से उठाया।
सीसीटीवी ने खोला राज, आरोपी का कोई स्थायी पता नहीं
पुलिस ने अपनी जांच की शुरुआत गुरुद्वारा साहिब के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने से की। फुटेज में आरोपी साफ तौर पर एक थैले से मांस निकालकर गुरुद्वारे के गेट पर फेंकता हुआ दिखाई दिया। इसी वीडियो सबूत के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान टॉमाज ब्रुच के रूप में की और उसे धर दबोचा। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में पता चला है कि आरोपी का कोई स्थायी पता (लोकल एड्रेस) नहीं है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई अब वूल्वर हैम्पटन मजिस्ट्रेट्स कोर्ट में होगी।
22 दिसंबर को हुई थी घटना, सांसद के हस्तक्षेप से आई तेजी
यह शर्मनाक वाकया पिछले साल 22 दिसंबर 2025 को घटित हुआ था। गुरुद्वारा प्रबंधन ने तत्काल इसकी शिकायत पुलिस को दी थी। हालांकि, जांच की रफ्तार तब तेज हुई जब सांसद सारा कूम्ब्स ने 8 जनवरी 2026 को संसद में इस पर बहस छेड़ी। उन्होंने इसे “सिखों के खिलाफ नफरत से प्रेरित एक भयानक वारदात” करार दिया था। सांसद ने कहा कि हमलावर ने जानबूझकर सिख मर्यादा के खिलाफ यह कृत्य किया है, जिसे किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
सांसद ने जताई खुशी, समुदाय ने की सख्त सजा की मांग
आरोपी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही सांसद सारा कूम्ब्स ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्सÓ पर एक वीडियो जारी कर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म के प्रति ऐसी नफरत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उन्हें उम्मीद है कि आरोपी को उसके किए की सजा जरूर मिलेगी। वहीं, ब्रिटेन के हिंदू और सिख संगठनों ने भी पुलिस की कार्रवाई का स्वागत किया है। उन्होंने अपील की है कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वालों के खिलाफ इतनी सख्त कार्रवाई हो कि भविष्य में कोई ऐसी गलती दोहराने की हिम्मत न करे। पुलिस ने भी समुदाय को भरोसा दिलाया है कि नफरत फैलाने वाले अपराधियों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाया जाएगा।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

