रुद्रपुर,17 जनवरी (आरएनएस)। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने शनिवार को सख्त कार्रवाई करते हुए काशीपुर बाईपास रोड के दोनों ओर और ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में सड़क किनारे नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने दो दुकानदारों के चालान काटे, जबकि कई ठेली व फड़ लगाने वालों को मौके से हटाया गया। नगर निगम की 10 सदस्यीय विशेष टीम ने अभियान चलाकर काशीपुर बाईपास रोड पर दुकानों के सामने लगे बोर्ड, फ्लेक्सी और अस्थायी ढांचे हटाए। वहीं ट्रांजिट कैम्प में नालियों के ऊपर किए गए अवैध निर्माण भी हटाए गए। इस दौरान अतिक्रमण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई। नगर निगम के अवर अभियंता शिखर ओझा ने बताया कि कार्रवाई से पूर्व संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिस पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि अब प्रतिदिन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

