रुड़की,17 जनवरी (आरएनएस)। पिछले कई दिनों से लापता विवाहिता का शव मोहम्मदपुर झाल से बरामद हो गया है। परिजनों ने मृतका के शव की पहचान की है। विवाहिता 5 जनवरी से लापता थी और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को भी सूचना दी थी। शुक्रवार को मोहम्मदपुर झाल क्षेत्र में एक महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव पानी के पास पड़ा हुआ था, जिसकी हालत देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि शव कई दिन पुराना हो सकता है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की शिनाख्त सलोनी के रूप में की गई। शिनाख्त होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला के लापता होने के बाद से परिवारजन मानसिक तनाव में थे और लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

