रुड़की,17 जनवरी (आरएनएस)। रुड़की के आसफनगर झाल क्षेत्र में सड़क की बदहाली स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। लंबे समय से मरम्मत के अभाव में यह सड़क पूरी तरह टूट चुकी है, जिससे आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। रात में आवाजाही करने वालों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। आसफनगर झाल के पास सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो चुके हैं। स्थिति यह है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क, यह पहचानना भी मुश्किल हो गया है। दुपहिया वाहन चालक सबसे अधिक परेशान हैं। क्योंकि रात के अंधेरे में ये गड्ढे दिखाई नहीं देते और लोग चोटिल हो जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घने कोहरे के कारण रात में आवाजाही करने में ज्यादा दिक्कत होती है। सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं एवं मरीजों को हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने जनप्रतिनिधि के साथ ही प्रशासन के खिलाफ अपना कड़ा विरोध जताया है। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत या पुनर्निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि उनके द्वारा लगातार टूटी सड़कों का मरम्मत कराया जा रहा है। इस समस्या का भी जल्द समाधान होगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

