नईदिल्ली,18 जनवरी। अंडर-19 विश्व कप 2026 के 7वें मुकाबले में भारतीय टीम ने बारिश से बाधित मैच में बांग्लादेश को 18 रन से हरा दिया। भारतीय टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। वहीं, बांग्लादेश अपना पहला मुकाबला हारी। बांग्लादेश को पहले 239 रन का लक्ष्य मिला था, जवाब में टीम का स्कोर 17.2 ओवर में 90/2 था। तभी बारिश आ गई। इसके बाद 29 ओवर में बांग्लादेश को 165 रन बनाने थे। हालांकि, टीम 146 रन पर ऑलआउट हो गई।
बांग्लादेश अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत के लिए वैभव सूर्यवंशी (72) और अभिज्ञान कुंडू (80) ने शानदार पारियां खेली। इन दोनों के अलावा और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। बांग्लादेश के लिए अल फहद ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। जवाब में बांग्लादेश के लिए अजीज़ुल हकीम तमीम (51) ने एकमात्र अर्धशतकीय पारी खेली। विहान मल्होत्रा ने भारत के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए।
मैच में भारतीय टीम को शुरुआती झटके लगे थे। टीम के 3 बल्लेबाज सिर्फ 53 रन पर पवेलियन लौट गए थे। वैभव ने विहान मल्होत्रा के साथ 41 गेंदों में 41 रन की साझेदारी निभाई। इसके अलावा अभिज्ञान के साथ मिलकर 99 गेंदों में 62 रन जोड़े। इस खिलाड़ी ने 67 गेंदों का सामना किया और 72 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 6 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 107.46 की रही।
अंडर-19 विश्व कप में सबसे कम उम्र में 50+ से अधिक रन बनाने का नया रिकॉर्ड वैभव के नाम दर्ज हो गया है। उन्होंने 2026 में बुलावायो में बांग्लादेश के खिलाफ 14 साल 296 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। इस सूची में उनके बाद अफगानिस्तान के शाहिदुल्ला कमाल (15 साल 19 दिन) और पाकिस्तान के बाबर आजम (15 साल 92 दिन) का नाम आता है। शाहिदुल्ला ने 2014 और बाबर ने 2010 में ये कारनामा किया था।
वैभव ने अपने यूथ करियर में अब तक 20 मुकाबले खेले हैं और इसकी 20 पारियों में 52.35 की उम्दा औसत के साथ 1,047 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 3 शतक के अलावा 5 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 171 रन रहा है। अपने यूथ करियर में वैभव ने सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड अंडर-19 क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं। उनके बल्ले से 5 पारियों में 71 की औसत से 355 रन निकले हैं।
अभिज्ञान ने 112 गेंदों का सामना किया और 80 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 71.43 की रही। ये उनके यूथ करियर का चौथा अर्धशतक रहा। इस खिलाड़ी ने अब तक 17 मुकाबले खेले हैं और इसकी 16 पारियों में 61.60 की औसत से 616 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 87 रन रहा है। अभिज्ञान ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले ही मैच में अर्धशतक जड़ा।
फहद ने 9.2 ओवर गेंदबाजी की और 1 मेडन के साथ 38 रन देकर 5 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 4.10 की रही। ये उनके यूथ करियर का दूसरा 5 विकेट हॉल रहा। उन्होंने अब तक 23 मुकाबले खेले हैं। इसकी 21 पारियों में 16.56 की औसत के साथ 48 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/44 का रहा है। भारत के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 2 पारियों में 7 विकेट चटकाए हैं।
विहान ने 4 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। उनकी इकॉनमी रेट 3.50 की रही। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। ये उनके यूथ वनडे करियर का पहला 4 विकेट हॉल रहा।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

