पीएम ने कहा- बंगाल में पिछले 24 घंटे अभूतपूर्व, 100 साल में नहीं हुआ ऐसा काम
जाकिर अली
हुगली 18 जनवरी (आरएनएस)। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज जहां असम के नागांव जिले के कलियाबोर में 6 हजार 950 करोड़ रुपये से अधिक लागत की काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का भूमि पूजन किया। वहीं बंगाल के हुगली जिले के बालागढ़ में एक्सटेंडेड पोर्ट गेट सिस्टम का शिलान्यास किया, जिसमें एक इनलैंड वॉटर ट्रांसपोर्ट टर्मिनल और एक रोड ओवर ब्रिज शामिल है। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के सिंगूर में 830 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। सिंगूर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाषण दिया। उन्होंने कहा कि जितना पोर्ट और उससे जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित होगा, उतना ही ज्यादा रोजगार के अवसर इस क्षेत्र में पैदा होंगे। मोदी ने यह बात स्थानीय विकास और आर्थिक प्रगति की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की बात कही। वहीं पीएम ने ममता सरकार पर तीखा हमला किया। पीएम ने आगे कहा कि, बंगाल से टीएससी के महाजंगलराज का जाना और भाजपा के सुशासन का आना बहुत जरूरी है। साथ ही पीएम मोदी ने सिंगुर में भाजपा की परिवर्तन संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश में जो भी सरकारें विकास और गरीब कल्याण के कार्यों में रुकावट डालती हैं, उन्हें लगातार सजा मिलती रही है। पीएम ने कहा कि यह जनसैलाब और आप सभी का उत्साह बंगाल की नई कहानी का संकेत है। सभी एक ही आस लेकर आए हैं कि हमें असली परिवर्तन चाहिए। बिहार की तरह हर कोई 15 वर्ष के महाजंगलराज को बदलना चाहता है। अभी भाजपा ने बिहार में जंगलराज को एक बार फिर रोका है और अब बंगाल भी टीएससी के महाजंगलराज को विदा करने के लिए तैयार हैं।
पीएम मोदी ने अपने भषण में दावा किया कि, इतने कम समय में जितना विकास कार्य हुआ है, शायद पिछले 100 साल में भी नहीं हुआ होगा। पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूर्वी भारत का विकास सबसे जरूरी है और केंद्र सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल अब जंगलराज को बदलने के लिए तैयार है। हमारी सरकार घुसपैठिओं पर कड़ी कार्रवाई करेगी। ये गरीबों का हक खा रहे हैं। यही घुसपैठिए टीएमसी के पक्के वोटर हैं। इसीलिए ये घुसपैठियों को बचा रहे हैं, उन्हें सुरक्षा दे रहे हैं। पीएम ने कहा कि, देखिए, पश्चिम बंगाल से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू की गई है। बंगाल को करीब आधा दर्जन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें मिली हैं। तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें दिल्ली, तमिलनाडु और काशी को जोड़ेंगी। बालागढ़ में बनने वाला एक्सटेंडेड पोर्ट गेट सिस्टम हुगली क्षेत्र के लिए नए अवसर खोलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि पूर्वी भारत को विकास की मुख्यधारा में सबसे आगे लाया जाए। उन्होंने दावा किया कि बीते 24 घंटे में लिए गए फैसले आने वाले वर्षों में बंगाल और पूरे पूर्वी भारत की तस्वीर बदल देंगे। मोदी ने कहा, तृणमूल पश्चिम बंगाल और देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। यहां के युवाओं को खास तौर पर सावधान रहना चाहिए। तृणमूल यहां घुसपैठियों को कई तरह के फायदे दे रही है। वह घुसपैठियों को बचाने के लिए धरने पर बैठती है। तृणमूल को घुसपैठिए इसीलिए पसंद हैं, क्योंकि वे उसके वोट बैंक हैं। तृणमूल घुसपैठियों को बचाने के लिए किसी भी लेवल तक जा सकती है। केंद्र सरकार पिछले 11 सालों से बार-बार तृणमूल सरकार को चि_ी लिख रही है। कहा जा रहा है कि पश्चिम बंगाल के बॉर्डर पर कंटीले तार लगा देने चाहिए। जमीन चाहिए। लेकिन तृणमूल नहीं सुनती। तृणमूल उन लोगों की मदद करती है जो घुसपैठियों के लिए नकली डॉक्यूमेंट बनाते हैं। घुसपैठ पूरी तरह से रोकनी चाहिए। जो लोग पहले भी कई तरह के नकली डॉक्यूमेंट बनाकर इस देश की भीड़ में शामिल हो गए हैं, उन्हें भी उनके अपने देशों में वापस भेज देना चाहिए। मोदी ने कहा, यहां के कॉलेजों में रेप और हिंसा को रोकने के लिए भाजपा को सत्ता में लाना ज़रूरी है। आपका एक वोट यह पक्का करेगा कि संदेशखली जैसी घटनाएं इस राज्य में दोबारा नहीं होंगी। आपका वोट यह पक्का करेगा कि आने वाले दिनों में हजारों टीचरों की नौकरी फिर कभी न जाए। उन्होंने हुगली को टीचर भर्ती में भ्रष्टाचार के लिए बदनाम किया है। इन्वेस्टमेंट तभी आएगा जब इस राज्य में कानून-व्यवस्था ठीक हो जाएगी। लेकिन यहां माफियाओं को छूट दी गई है। यहां हर चीज़ पर सिंडिकेट टैक्स लगा दिया गया है। भाजपा इस सिंडिकेट टैक्स और माफियाबाद को खत्म करेगी। यह मोदी की गारंटी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

