इंदौर,19 जनवरी। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज 1-2 से हारने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने माना कि हमारी टीम न्यूजीलैंड से सभी डिपार्टमेंट में पीछे रह गई. लेकिन उन्होंने हारने की दो सबसे बड़ी वजह बल्लेबाजों के अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाना और खराब फील्डिंग थी.
गिल ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, मुझे नहीं लगता कि हम सभी बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदल पाए हैं. भारत में हाई-स्कोरिंग मैच होते हैं और अगर बल्लेबाज, खासकर टॉप के दो बल्लेबाज, अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाते हैं तो हम बड़ा स्कोर नहीं बना पाएंगे,
उन्होंने आगे कहा, ईमानदारी से कहूं तो इस सीरीज में हमारी फील्डिंग अच्छी नहीं थी. हमने कुछ अहम कैच छोड़े, और इस तरह की विकेट पर गेंदबाजों के लिए मौके बनाना आसान नहीं होता. यह एक ऐसा पहलू है जिस पर मुझे लगता है कि हमें सच में बेहतर होने की जरूरत है.
गिल ने कहा दोनों टीमों के बीच ये दो बड़े अंतर थे. उनके बल्लेबाजों ने अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदला और वो फील्डिंग में काफी बेहतर थे, उन्होंने मैच में कम से कम 15-20 रन बचाए होंगे. इससे बहुत फर्क पड़ता है. बात दें कि सीरीज में केएल राहुल और विराट कोहली को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका, वहीं न्यूजीलैंड की तरफ से डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, निकोल्स, कॉनवे और विल यंग ने अच्छी परी खेलने में सफल रहे.
न्यूजीलैंड ने इंदौर में तीसरे वनडे में 41 रनों की जीत के साथ भारत में अपनी पहली वनडे सीरीज जीती. यह भारत की 14 घरेलू वनडे मैचों में पहली हार थी, जब उन्होंने टॉस जीता था. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाए थे और जवाब में भारतीय टीम 296 रनों पर ही ऑलआउट हो गई.
दो साल पहले 2024 में न्यूजीलैंड ने भारत को उसी की धरती पर पहली बार टेस्ट में 3-0 से क्लीन स्वीप करके इतिहास रचा था. उस समय भी भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर थे और अब 2026 में कीवी ने वनडे में ये इतिहास रचा है. इस समय भी टीम इंडिया के हेड कोच गंभीर ही हैं.
तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद भारत और न्यूजीलैंड अब बुधवार, 21 जनवरी से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में आमने-सामने होंगे. दोनों टीमों के लिए ये सीरीज काफी अहम होने वाली है क्योंकि 7 फरवरी से शुरू होने वाला टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले उनका आखिरी असाइनमेंट होगा.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

