देहरादून,19 जनवरी (आरएनएस)। 5 वें खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स का आयोजन 20 से 22 मार्च तक चंडीगढ़ के सेक्टर-42 स्थित इंटरनेशनल स्टेडियम में किया जाएगा। यह जानकारी खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ उत्तराखंड के महासचिव डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने दी। डॉ. रावत ने बताया कि यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाडिय़ों के लिए आयोजित की जा रही है। जिसमें 30, 40, 50, 60 और 70 प्लस से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा किया जा रहा है। फाउंडेशन के महासचिव एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शैलेन्द्र सिंह ने आयोजन की औपचारिक सूचना पत्र के माध्यम से दी है। डॉ. रावत ने कहा कि पिछले चार वर्षों से उत्तराखंड के मास्टर्स खिलाड़ी फुटबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों में लगातार स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। इन उपलब्धियों के लिए खिलाडिय़ों को सम्मानित भी किया गया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए इच्छुक खिलाड़ी 15 फरवरी तक पंजीकरण करा सकते हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

