रुद्रपुर,19 जनवरी (आरएनएस)। राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजऱ हवाई सुरक्षा कारणों से नो फ्लाई ज़ोन घोषित किया गया है। इसके चलते दिल्ली–पंतनगर हवाई मार्ग पर उड़ानों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। इंडिगो एयरलाइंस की दिल्ली से पंतनगर आने वाली पहली उड़ान को 26 जनवरी तक के लिए निरस्त कर दिया गया है, जबकि दूसरी उड़ान का संचालन पूर्व निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेगा। पहली उड़ान संख्या 6ई-73254 प्रतिदिन दोपहर 12 बजे दिल्ली से रवाना होकर एक बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचती थी। नो-फ्लाई ज़ोन लागू होने के कारण इसे अस्थायी रूप से रद किया गया है। वहीं दूसरी उड़ान संख्या 6ई-7156 दिल्ली से दोपहर तीन बजे उड़ान भरकर शाम चार बजे पंतनगर पहुंचेगी। एयरलाइन की ओर से प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों में समायोजन अथवा टिकट राशि वापसी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में एयरपोर्ट निदेशक पवन कुमार ने बताया कि दिल्ली में नो-फ्लाई ज़ोन घोषित होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पहली उड़ान 26 जनवरी तक निरस्त की गई है। दूसरी उड़ान सामान्य रूप से संचालित होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

