रुद्रपुर,19 जनवरी (आरएनएस)। तराई सेंट्रल वन प्रभाग के अंतर्गत संजय वन, रुद्रपुर में सोमवार को जागरूकता के संदेश के साथ घुघुतिया त्योहार का आयोजन किया गया। इसमें वेटलैंड्स और फिन्स बाया (बुनकर पक्षी) के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान नेचर साइंस इनिशिएटिव संस्था के सहयोग से स्कूली बच्चों की सहभागिता में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां कराई गईं। बच्चों को पक्षियों की पहचान, उनके प्राकृतिक आवास, पर्यावरण संतुलन में भूमिका और संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। इससे बच्चों के साथ-साथ उपस्थित जनसमुदाय को भी प्रकृति संरक्षण का संदेश मिला। कार्यक्रम में डीएम नितिन सिंह भदौरिया और तराई सेंट्रल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी ने संयुक्त रूप से ‘बर्ड्स ऑफ तराईÓ पुस्तिका का विमोचन किया। पुस्तिका में तराई क्षेत्र में पाए जाने वाले प्रमुख पक्षियों की जानकारी सरल और सहज भाषा में दी गई है। डीएम ने बच्चों द्वारा लगाए गए पर्यावरणीय स्टॉलों की सराहना करते हुए पौधरोपण और संरक्षण का आह्वान किया। नेचर साइंस इनिशिएटिव की डॉ. सौम्या प्रसाद ने बताया कि ऊधमसिंह नगर की वेटलैंड्स अतिक्रमण, कृषि विस्तार और मानवीय गतिविधियों के दबाव में हैं, जिससे बुनकर पक्षी जैसी दुर्लभ प्रजातियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि चिडिय़ां हमें प्रकृति की स्थिति का संदेश देती हैं, इसलिए उनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

