ऋषिकेश,19 जनवरी (आरएनएस)। केशवपुरी-राजीव नगर क्षेत्र में नदी श्रेणी की सरकारी भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। एमआरएफ सेंटर से लेकर धरमुचक तक सैकड़ों बीघा नदी श्रेणी की जमीन पर कुछ लोगों ने घेरबाड़ कर दी है। इस जमीन पर न सिर्फ खेती की जा रही है, बल्कि कुछ स्थानों पर प्लाटिंग के माध्यम से भूखंडों की बिक्री भी हो रही है। अतिक्रमण के इस तरह के मामलों में न्यायाल का आदेश है कि इस तरह की जमीन पर किसी तरह की गतिविधियां, निर्माण और उपयोग अनुमति नहीं है। बावजूद, नियमों की अनदेखी करते हुए कई स्थानों पर चहारदीवारी खड़ी कर जमीन को निजी संपत्ति के रूप में दर्शाया जा रहा है। इससे सौंग नदी का प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण भी प्रभाव पड़ रहा है। इस मनमानी से आबादी क्षेत्र में बाढ़ की आशंका भी बन रही है। एसडीएम अपर्णा ढौंडिय़ाल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। राजस्व विभाग की टीम भेजकर क्षेत्र में राजस्व, नदी और अन्य की संपत्ति की जांच कराई जाएगी, जिसमें अतिक्रमण की पुष्टि होती है, तो मामलो में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

