नई दिल्ली 20 Jan, : देश को हाल ही में अपनी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात मिली है, जो हावड़ा से गुवाहाटी के बीच शुरू की गई है। विश्वस्तरीय सुविधाओं और शानदार इंटीरियर वाली इस ट्रेन को देखकर हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया था। लेकिन, इस ट्रेन के शुरू होते ही कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्होंने इस गर्व को शर्मिंदगी में बदल दिया है। सफर के दौरान कुछ यात्रियों ने अपने खराब ‘सिविक सेंस’ का प्रदर्शन करते हुए इस चमचमाती ट्रेन को कूड़ेदान बना दिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चंद घंटों में ही नई ट्रेन का हुआ बुरा हाल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रेन अभी बिल्कुल नई है, लेकिन फर्श पर कचरा फैला हुआ है। वीडियो एक यात्री ने बनाया है जो खाली कोच में अपनी सीट पर बैठा है और कैमरा घुमाकर हकीकत दिखाता है। फर्श पर दही के खाली पैकेट और इस्तेमाल किए हुए गंदे टिशू पेपर बिखरे पड़े हैं। यात्रियों ने खाना खाने के बाद कचरा डस्टबिन में डालने की बजाय अपनी सीट के नीचे और फर्श पर ही फेंक दिया। यह नजारा देखकर साफ पता चलता है कि आधुनिक सुविधाएं मिलने के बावजूद कुछ लोगों की मानसिकता में कोई बदलाव नहीं आया है।
वीडियो बनाने वाले ने पूछा तीखा सवाल
इस वीडियो को रिकॉर्ड करने वाले यात्री ने वहां फैली गंदगी दिखाते हुए एक बेहद जायज सवाल उठाया है। उसने पूछा कि यह रेलवे की गलती है, सरकार की गलती है या फिर हमारी खुद की गलती है? उसकी यह बात सीधा दिल पर लगती है क्योंकि ट्रेन के अंदर सफाई बनाए रखने की जिम्मेदारी सिर्फ प्रशासन की नहीं, बल्कि सफर कर रहे यात्रियों की भी होती है। लाखों करोड़ों की लागत से बनी ट्रेन को पहले ही दिन इस हालत में देखना किसी भी जिम्मेदार नागरिक के लिए दुखद है।
गुस्से से लाल हुए नेटिजन्स, मांगी सख्त सजा
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर @Indianinfoguide नाम के हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो के वायरल होते ही लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। लोग कमेंट सेक्शन में जमकर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि सच बताऊं तो इंडिया के लोगों से यही उम्मीद थी। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि अभी तो गुटखा के निशानों का इंतजार करो। कई लोगों ने मांग की है कि ट्रेन में कैमरे लगाकर ऐसे लोगों की पहचान की जाए और उन्हें सख्त सजा दी जाए। एक यूजर ने तो यहां तक लिख दिया कि ऐसे लोगों को ‘डंडा स्टाइल’ की जरूरत है, पहले मारो फिर पूछो।

