नईदिल्ली,20 जनवरी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अपनी वार्षिक केंद्रीय अनुबंध प्रणाली में बड़े बदलाव पर विचार कर रहा है। अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली सीनियर पुरुष चयन समिति द्वारा सुझाए गए इन बदलावों में ग्रेड ए + श्रेणी को समाप्त करना और केवल तीन श्रेणियां (ग्रेड- ए, बी, सी) बनाए रखना शामिल है। अगर अगली शीर्ष परिषद की बैठक में इसे मंजूरी मिलती है, तो विराट कोहली और रोहित शर्मा को ग्रेड-बी में भेजे जाने की पूरी संभावना है।
बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध भारतीय क्रिकेटरों को दिए जाने वाले वार्षिक अनुबंध हैं। इन्हें 4 ग्रेड में बांटा गया है, जिनमें ए +, ए, बी और सी शामिल हैं। प्रत्येक ग्रेड में मैच फीस के अतिरिक्त एक भारी वार्षिक शुल्क शामिल होता है। वर्तमान संरचना के अनुसार, ए + ग्रेड के खिलाडिय़ों को सालाना 7 करोड़ रुपये, ए ग्रेड के खिलाडिय़ों को 5 करोड़, बी ग्रेड के खिलाडिय़ों को 3 करोड़ और सी ग्रेड के खिलाडिय़ों को 1 करोड़ दिए जाते हैं।
चयन समिति द्वारा प्रस्तावित बदलावों से अनुबंध संरचना में बड़ा परिवर्तन आएगा। यदि इसे मंजूरी मिलती है, तो ए, बी और सी के रूप में केवल तीन ग्रेड रह जाएंगी। इससे कोहली और रोहित जैसे खिलाडिय़ों को ग्रेड- बी में रखा जा सकता है। इसका कारण है कि वर्तमान में ये दोनों अनुभवी बल्लेबाज केवल वनडे क्रिकेट खेलते हैं। ये दोनों ही टेस्ट और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में इनकी ग्रेड कम की जा सकती है।
फिलहाल, ग्रेड- ए + में रोहित, कोहली, जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा जैसे शीर्ष क्रिकेटर शामिल हैं। हालांकि, बुमराह ही फिलहाल तीनों प्रारूपों में सक्रिय हैं, लेकिन उनके काम के बोझ को लेकर विवाद बना हुआ है। जडेजा टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। अगर बीसीसीआई ए + ग्रेड को खत्म करने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लेता है, तो इन खिलाडिय़ों को कम वेतन वाली श्रेणियों में डाला जा सकता है।
ग्रेड-ए में ऋषभ पंत, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल और हार्दिक पंड्या शामिल हैं। सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, श्रेयस अय्यर और यशस्वी जयसवाल को ग्रेड-बी में रखा गया है। इसी तरह रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, रुतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, वाशिंगटन सुंदर, मुकेश कुमार, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, रजत पाटीदार, ध्रुव जुरेल, सरफराज खान, नितीश रेड्डी, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, आकाश दीप, वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा ग्रेड- सी में शामिल हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

