सिरसा 20 जनवरी (आरएनएस)। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मंडल हिसार के.के. राव,आईपीएस के दिशानिर्देशों एवं सिरसा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के मार्गदर्शन में सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान को लगातार गति दी जा रही है। इसी कड़ी में चार दिन पूर्व साइकिल के माध्यम से भारत भ्रमण पर निकले समाजसेवी सुभाष चंद्र को पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने सिरसा से रवाना किया था, ताकि वे हर घर तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचा सकें।
इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए सिरसा पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने आज सिरसा स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज व आईटीआई कॉलेज में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। टीम इंचार्ज सब इंस्पेक्टर गजन सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित व नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार, समाज और भविष्य को भी अंधकार में धकेल देता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूरी बनाएं, नशा बेचने वालों की जानकारी पुलिस को दें और स्वयं नशा मुक्त समाज के प्रहरी बनें।
साइकिलिस्ट सुभाष चंद्र ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि देशभर में युवाओं को नशा मुक्त करने के लिए जन-जागरूकता बेहद आवश्यक है और पुलिस का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने छात्रों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।
सिरसा पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान हर घर नशा मुक्ति के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिससे युवाओं को सही दिशा देकर समाज को सुरक्षित और स्वस्थ बनाया जा सके।
इस अवसर पर नशा मुक्ति टीम इंचार्ज सब इंस्पेक्टर गजन सिंह, एसआई प्रताप सिंह, सिपाही सुमन, सिपाही राजबाला, एसपीओ रमेश कुमार के साथ सुभाष चंद्र (साइकिलिस्ट), समाजसेवी कविता तथा कॉलेज स्टाफ के सदस्य मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

