सिरसा 8 जुलाई (आरएनएस)। सी.एम.के. नेशनल स्नातकोत्तर महाविद्यालय की एनसीसी कैडेट मन्नत ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर प्रतिष्ठित रिपब्लिक डे कैंप (आरडीसी) के यूनिट लेवल चयन में स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। छात्रा की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्या श्रीमती अंशु उप्पल ने कैडेट मन्नत को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि रिपब्लिक डे कैंप देश के सबसे प्रतिष्ठित एनसीसी शिविरों में से एक है, जहाँ तक पहुँचने के लिए कैडेट्स को विभिन्न चयन चरणों से गुजरना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मन्नत का यूनिट लेवल पर चयन उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण तथा निरंतर अभ्यास का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, समयबद्धता, सेवा भावना एवं राष्ट्रप्रेम जैसे गुणों का भी विकास करती है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मन्नत आगामी चयन चरणों में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सफलता अर्जित करते हुए महाविद्यालय, जिले एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेगी। महाविद्यालय की एनसीसी एएनओ डॉ. रचना रानी ने बताया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान कैडेट मन्नत ने प्रत्येक गतिविधि में पूरे उत्साह, लगन एवं अनुशासन का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि मन्नत का यह चयन उसके निरंतर प्रयासों और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वह आगामी प्री-आरडीसी एवं अन्य चयन प्रक्रियाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अंतिम आरडीसी कैंप तक पहुँचने में सफलता प्राप्त करेगी।
इस मौके पर महाविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर कैडेट मन्नत को शुभकामनाएँ देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि वह आने वाले समय में अपनी प्रतिभा एवं समर्पण से नई उपलब्धियाँ हासिल कर महाविद्यालय का नाम और अधिक ऊँचाइयों तक पहुँचाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

