नईदिल्ली,21 जनवरी। एलन मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी एक्सएआई के सह-संस्थापक ग्रेग यांग ने कंपनी छोड़ दी है। उन्होंने यह फैसला अपनी सेहत से जुड़ी समस्या सामने आने के बाद लिया। यांग ने बताया कि उन्हें लाइम बीमारी का पता चला है, जिसके चलते उन्होंने रोजमर्रा के काम से कुछ समय के लिए दूरी बनाने का निर्णय लिया है। कंपनी से हटने के बावजूद, वह एक्सएआई से पूरी तरह अलग नहीं होंगे और आगे भी सीमित भूमिका निभाते रहेंगे।
यांग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि वह एक्सएआई में एक अनौपचारिक सलाहकार की भूमिका में बने रहेंगे। फिलहाल उनका पूरा ध्यान इलाज और सेहत सुधारने पर रहेगा। यांग एक्सएआई के शुरुआती सदस्यों में शामिल थे और उन्होंने 2023 में इस एआई स्टार्टअप की नींव रखने में अहम भूमिका निभाई थी। एक्सएआई से पहले वह माइक्रोसॉफ्ट में काम कर चुके हैं और तकनीकी दुनिया में उनका लंबा अनुभव रहा है।
यांग ने बताया कि उन्हें शायद कुछ समय पहले लाइम बीमारी हो गई थी, लेकिन इसके लक्षण बाद में सामने आए। उन्होंने कहा कि लगातार काम और ज़्यादा दबाव के कारण उनका इम्यून सिस्टम कमजोर हुआ। उन्हें टिक के काटने की कोई स्पष्ट याद नहीं है, लेकिन समय रहते बीमारी की पहचान हो जाना राहत की बात है। यांग के मुताबिक, उम्र बढऩे के साथ इस बीमारी का इलाज और जटिल हो सकता है।
यांग के जाने से पहले भी एक्सएआई में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। उनके अलावा सह-स्थापक इगोर बाबुश्किन और क्रिश्चियन सेगेडी भी पहले ही कंपनी छोड़ चुके हैं। हालांकि, यांग ने साफ किया कि बीमारी के बावजूद वह सामान्य कामकाज करने में सक्षम हैं। एक्सएआई ने अभी इस बदलाव पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन कंपनी के नेतृत्व ढांचे में हो रहे बदलावों पर तकनीकी जगत की नजऱ बनी हुई है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

