जौनपुर 21 जनवरी (आरएनएस )। पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने एनसीसी कैडेटों को एक बड़ी सौगात दी है। बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. वंदना सिंह एवं एनसीसी ग्रुप कमांडर वी के पंजियार ने संयुक्त रूप से अत्याधुनिक आब्स्टिकल ट्रेनिंग एरिया एवं फायरिंग रेंज का फीता काटकर उद्घाटन किया। कैडेटों को संबोधित करते हुए एनसीसी ग्रुप कमांडर वी के पंजियार ने कहा कि विश्वविद्यालय में निर्मित फायरिंग रेंज पूरी तरह सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इससे कैडेटों को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा और वे अनुशासित, सक्षम एवं कुशल नेतृत्वकर्ता के रूप में विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय में निर्मित आब्स्टिकल ट्रेनिंग एरिया अत्याधुनिक है और यह अपने प्रकार का सबसे बड़ा प्रशिक्षण क्षेत्र है। यहाँ प्रशिक्षण लेने वाले कैडेट आगामी एनसीसी कैंपों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे तथा भविष्य में सशस्त्र सेवाओं में जाने के लिए उन्हें मजबूत आधार प्राप्त होगा। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। फायरिंग रेंज की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ एनसीसी से जुड़कर एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को आत्मसात करेंगे। विश्वविद्यालय परिसर में 98 यूपी बटालियन एनसीसी, जौनपुर के तत्वावधान में कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंपदृ331 का आयोजन 15 जनवरी से 24 जनवरी तक किया जा रहा है। इस दौरान कैंप कमांडेंट कर्नल आलोक सिंह धर्मराज के नेतृत्व में ग्रुप कमांडर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा ड्रिल एवं परेड का प्रदर्शन किया गया। कुलपति एवं एनसीसी ग्रुप कमांडर द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 5 यूपी कंपनी, जौनपुर के कमांडिंग ऑफिसर एवं कीर्ति चक्र से सम्मानित पुष्विंदर सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

