जौनपुर 21 जनवरी (आरएनएस )। नगर के हुसैनाबाद में एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। पीडि़त राजेश कुमार ने उषा देवी और धर्मेंद्र सिंह पर अपनी भूमिधरी जमीन पर जबरन अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है। परमानतपुर निवासी राजेश कुमार के अनुसार, उनकी भूमिधरी भूमि गाटा संख्या 79 मि0 और 81 मि0 हुसैनाबाद, परगना हवेली, तहसील सदर, जिला जौनपुर में स्थित है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उषा देवी पत्नी हरेन्द्र सिंह और धर्मेन्द्र सिंह पुत्र हरेन्द्र सिंह गुंडागर्दी के बल पर इस भूमि पर अवैध कब्जा कर रहे हैं। राजेश कुमार ने बताया कि जब उन्होंने अतिक्रमण रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की। पीडि़त और उनका परिवार कथित दबंगों की धमकियों के कारण भयभीत है। इस मामले में राजेश कुमार ने पहले भी उप-जिला मजिस्ट्रेट, जौनपुर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, पीडि़त का कहना है कि उनकी शिकायत पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। न्याय की मांग करते हुए, राजेश कुमार ने अब संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि उनकी भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को रोका जाए और आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

