बीए के छात्र के आंख पर आई चोट, 5 छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
प्रयागराज 21 जनवरी (आरएनएस)। ईविंग क्रिश्चियन कॉलेज परिसर में सेकेंड ईयर के छात्र पर चाकू से हमला किया गया। घटना मु_ीगंज थाना क्षेत्र की है, जहां दिनदहाड़े छात्र के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। हमले में छात्र की आंख के पास गंभीर चोट आई है। पुलिस ने कॉलेज के ही पांच छात्रों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है और उनका शांतिभंग में चालान किया है। आरोप यह भी है कि रैगिंग के विरोध पर यह घटना अंजाम दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिव्यांशु पाण्डेय पुत्र अखिलेश कुमार पाण्डेय, निवासी पीडीए कॉलोनी कालिंदीपुरम थाना धूमनगंज प्रयागराज ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 19 जनवरी को वह दोपहर करीब 12:30 बजे पढ़ाई के लिए कॉलेज आया था। इसी दौरान कुछ छात्रों और उनके साथ आए बाहरी युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि सूर्याश सिंह, हर्षित शुक्ला, साहिल श्रीमाली, दिव्यांश सिंह और भावेष ओझा ने मिलकर दिव्यांशु के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान सूर्याश सिंह ने पॉकेट नाइफ से दिव्यांशु की आंख के पास वार कर दिया, जिससे उसे चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
दिव्यांशु के दोस्त ने घटना के पीछे रैगिंग का विरोध कारण बताया है। यश का कहना है कि 12 दिसंबर को उसके साथ रैगिंग की गई थी, जिसकी शिकायत कॉलेज के एंटी रैगिंग सेल और मु_ीगंज थाने में की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
आरोप है कि फेयरवेल के पैसे न देने को लेकर भी छात्रों पर दबाव बनाया जा रहा था। इसी रंजिश में 19 जनवरी को आरोपी छात्र बाहरी युवकों के साथ कॉलेज पहुंचे और दिव्यांशु पर हमला कर दिया। दिव्यांश से खुन्नस इसलिए थी क्योंकि वह उसका सपोर्ट करता था।
मामले में एसीपी अतरसुइया राजकुमार मीना ने बताया कि यह मामला रैगिंग का नहीं बल्कि दो छात्रों के बीच आपसी विवाद का है। उन्होंने कहा कि पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी का शांति भंग में चालान किया गया है। मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

