लखनऊ 21 जनवरी (आरएनएस ) के बी.के.टी. थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरगदी में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब किराए के कमरे में रह रही 19 वर्षीय युवती का शव पंखे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना 21 जनवरी 2026 को करीब 11:10 बजे थाना बी.के.टी. पर प्राप्त हुई, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।मौके पर पहुंचने पर पुलिस को ज्ञात हुआ कि प्रियांशी वर्मा, पुत्री साधूराम वर्मा, ने अपने किराए के कमरे में छत में लगे पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना के बाद फील्ड यूनिट को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। इसके उपरांत परिजनों की उपस्थिति में पंचायतनामा की प्रक्रिया पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका का परिवार मूल रूप से जनपद लखीमपुर का निवासी है और वर्तमान में लखनऊ के बी.के.टी. क्षेत्र स्थित ग्राम बरगदी में किराए के कमरे में रहकर जीवनयापन कर रहा था। प्रियांशी वर्मा चन्द्रिका देवी कॉलेज से ओ.टी. टेक्नीशियन कोर्स की पढ़ाई कर रही थी और इसी सिलसिले में वह लखनऊ में रह रही थी।घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस द्वारा मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

