लखनऊ 21 जनवरी (आरएनएस )के बी.के.टी. थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर के केबिन से चालक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया एवं विभिन्न समाचार माध्यमों में प्रसारित खबर के संबंध में पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की है। यह घटना 20 जनवरी 2026 की रात्रि करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब पी.आर.वी. पुलिस कर्मी नियमित गश्त के दौरान इन्दौराबाग मोड़ पर पहुंचे थे।गश्त के दौरान पुलिस कर्मियों की नजर सड़क किनारे खड़े कंटेनर संख्या क्क 81 क्चञ्ज 9234 पर पड़ी, जिसका केबिन गेट खुला हुआ था। संदेह होने पर पुलिस ने कंटेनर के केबिन की जांच की, जहां चालक की सीट के बगल वाली सीट पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। व्यक्ति के चेहरे पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए, जिससे मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हुआ। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उक्त व्यक्ति को कंटेनर से बाहर निकालकर उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक के पास से प्राप्त आधार कार्ड तथा कंटेनर के वाहन पंजीकरण नंबर के आधार पर वाहन स्वामी और मैनेजर से संपर्क कर परिजनों को सूचना दी गई। इस क्रम में मृतक की शिनाख्त राममूर्ति पुत्र छोटे लाल, उम्र लगभग 37 वर्ष, निवासी ग्राम नन्सोहा, इन्दापुर इन्दौली, थाना रामकोट, जनपद सीतापुर के रूप में हुई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।पुलिस के अनुसार राममूर्ति उपरोक्त कंटेनर में दोपहिया वाहन लादकर हरिद्वार से जनपद गाजीपुर की ओर जा रहा था। रास्ते में किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में शव का पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की गहनता से जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि चालक के साथ कोई आपराधिक घटना हुई या मौत किसी अन्य कारण से हुई। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

