लखनऊ 21 जनवरी (आरएनएस ) के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना पीजीआई क्षेत्र में युवक प्रदीप सिंह परिहार की नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में सफल अनावरण करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। धारदार हथियार से की गई इस हत्या की साजिश मृतक की पत्नी पूजा सिंह ने अपने प्रेमी रामतीर्थ मौर्या के साथ मिलकर रची थी। पीजीआई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त चाकू तथा घटना के समय पहनी गई टी-शर्ट भी बरामद कर ली है।पुलिस के अनुसार 21 जनवरी 2026 को वादी लखन सिंह द्वारा थाना पीजीआई पर अपने पुत्र प्रदीप सिंह परिहार की हत्या की सूचना देते हुए लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर के आधार पर थाना पीजीआई पर मु0अ0सं0 45/2026 धारा 103(1)/61(2) बीएनएस के अंतर्गत पूजा सिंह और रामतीर्थ मौर्या के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया गया और लगातार दबिश के बाद कुछ ही घंटों के भीतर घटना का खुलासा करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों में रामतीर्थ मौर्या पुत्र शेषनाथ मौर्या उम्र करीब 32 वर्ष निवासी ग्राम हवेली पोस्ट जमरवा थाना मोहनगंज जनपद अमेठी, हाल पता संदीप पाल का किराये का मकान उतरेठिया थाना पीजीआई लखनऊ शामिल है। वहीं दूसरी अभियुक्ता पूजा सिंह पत्नी प्रदीप सिंह परिहार उम्र करीब 32 वर्ष निवासी ग्राम अमौली ठाकुरान थाना रूरा जनपद कानपुर देहात, हाल पता संदीप पाल का किराये का मकान उतरेठिया थाना पीजीआई लखनऊ है। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक अदद चाकू और एक टी-शर्ट बरामद की है।पूछताछ के दौरान अभियुक्त रामतीर्थ मौर्या ने बताया कि वह संदीप पाल के किराये के मकान में पूजा के बगल में ही रहता था और पूजा से प्रेम करता था। इसी दौरान उसकी मृतक प्रदीप सिंह परिहार से दोस्ती हो गई थी। पूजा और उसके पति के बीच संबंध अच्छे नहीं थे, क्योंकि प्रदीप अत्यधिक शराब का सेवन करता था। इसी बात से परेशान होकर पूजा ने रामतीर्थ के साथ मिलकर अपने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पूजा ने अपने पति के कानपुर देहात से लखनऊ आने की जानकारी पहले ही रामतीर्थ को दे दी थी और उसे हत्या के लिए उकसाया था।पूजा के कहने पर ही रामतीर्थ ने शाम को प्रदीप को शराब पिलाकर हत्या करने की योजना बनाई। दोनों प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या क्क 32 ्यश्व 1918 से शराब पीने निकले थे। शराब पीने के बाद जब प्रदीप मोटरसाइकिल चला रहा था और रामतीर्थ पीछे बैठा था, उसी दौरान चिरैय्याबाग अंडरपास के पास सर्विस लेन पर पहले से बनाई गई योजना के तहत रामतीर्थ ने अपनी जींस में छिपाकर रखे चाकू से प्रदीप सिंह परिहार का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।वहीं अभियुक्ता पूजा सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसका पति अत्यधिक शराब पीता था और मना करने पर उससे आए दिन झगड़ा होता था, जिससे वह काफी परेशान हो गई थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले रामतीर्थ मौर्या से उसका लगाव हो गया और उसने अपने पति को अपनी जिंदगी से हटाने की योजना बना ली। दोनों ने मिलकर साजिश रची और प्रदीप सिंह परिहार की हत्या को अंजाम दे दिया।पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध मु0अ0सं0 45/2026 धारा 103(1)/61(2) बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभियुक्त रामतीर्थ मौर्या और पूजा सिंह का आपराधिक इतिहास भी इसी मुकदमे से संबंधित है। पीजीआई पुलिस टीम द्वारा की गई इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई को गंभीर आपराधिक प्रकरण में बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

