मेरठ। मेरठ के सरधना में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के लिए 22 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ आ सकते हैं। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग इसकी तैयारियों में जुट गया है। हालांकि देर रात तक मुख्यमंत्री का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ था।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारी और कार्यदायी संस्था मंगलवार को खेल विश्वविद्यालय स्थल पर डटे रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था और व्यवस्थागत तैयारियों का भी अधिकारियों द्वारा मुआयना किया। सलावा में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने के लिए मुख्यमंत्री आने का कार्यक्रम प्रस्तावित होते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया।
परियोजना के अनुसार, विश्वविद्यालय का निर्माण अप्रैल 2026 तक पूरा कर हैंडओवर किया जाना है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हैंडओवर के बाद वर्ष 2026 में ही खिलाडिय़ों की कक्षाएं शुरू कराने की योजना है। करीब 49 माह से चल रहे निर्माण कार्य में अब तक लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए फिनिशिंग कार्य और शेष निर्माण को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंंह का कहना है कि मुख्यमंत्री खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने के लिए आ सकते हैं। इसकी तैयारी की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम
अभी तक प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जनवरी को दोपहर करीब 1:50 बजे सोनीपत (हरियाणा) से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा सलावा स्थित हेलीपेड पर पहुंचेंगे। इसके बाद कार से खेल विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों, खेल विश्वविद्यालय के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे जिसमें लगभग 40 से 50 लोग शामिल रहेंगे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री राजकीय हेलीकॉप्टर से सहारनपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक आज और कल मेरठ में रहेंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

