सिरसा 22 जनवरी (आरएनएस)। आयुष विभाग सिरसा द्वारा जिले के विभिन्न गांवों में सूर्य नमस्कार अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता की नई अलख जगाई जा रही है। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आशु शर्मा के आदेशानुसार और जिला योग समन्वयक डॉ. सुरेंद्रपाल नागर के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को योग के जरिए एक स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। इसी कड़ी में जिले के गांव फूलका, बाजेकां, अली मोहम्मद, चांडीवाल, कंवरपुरा, नटार, मंगाला शेरपुरा और अरनियावाली में विशेष योग अभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों की सबसे खास बात यह रही कि इनमें बच्चों और युवाओं से लेकर बुजुर्गों ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और योग के महत्व को समझा।अभ्यास सत्रों के दौरान योग प्रशिक्षकों साहिल कुमार, पवन कुमार, लवकेश, निशा, रितु और टीना ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए ग्रामीणों को सूर्य नमस्कार का विधिवत अभ्यास करवाया। उन्होंने बताया कि सूर्य नमस्कार केवल एक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा के विकास का एक सशक्त माध्यम है। इसके नियमित अभ्यास से शरीर में लचीलापन आता है, पाचन तंत्र सुधरता है और हड्डियों को मजबूती मिलती है। इसके साथ ही यह मानसिक शांति प्रदान करने और एकाग्रता बढ़ाने में भी अत्यंत सहायक सिद्ध होता है। प्रशिक्षकों ने ग्रामीणों को प्रेरित किया कि वे योग को केवल शिविर तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाएं ताकि वे रोगों से मुक्त रहकर एक खुशहाल जीवन व्यतीत कर सकें।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आशु शर्मा ने बताया कि आयुष विभाग का लक्ष्य जिले के प्रत्येक गांव तक पहुंचना है ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी प्राचीन योग पद्धति से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बढ़ती बीमारियों और तनावपूर्ण जीवनशैली को देखते हुए योग और सूर्य नमस्कार जैसे अभ्यास रामबाण का काम करते हैं। विभाग द्वारा अन्य गांवों में भी इसी प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति एक सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

