सिरसा 22 जनवरी (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी सिरसा परिवार की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सिरसा भाजपा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतीद्र सिंह ने कहा कि नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित होना भाजपा की सशक्त संगठनात्मक संरचना, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और कार्यकर्ता-आधारित कार्य संस्कृति का जीवंत उदाहरण है। यह निर्वाचन प्रक्रिया इस तथ्य को प्रमाणित करती है कि भारतीय जनता पार्टी में संगठन सर्वोपरि है और प्रत्येक निर्णय विचार-विमर्श, योग्यता एवं समर्पण के आधार पर लिया जाता है। एडवोकेट यतीद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जो अपने प्रत्येक कार्यकर्ता के कार्य, निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण का निरंतर मूल्यांकन करता है। नितिन नवीन की यात्रा एक सामान्य कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष पद तक इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की असली शक्ति होता है। यही कार्य संस्कृति भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग और विशिष्ट बनाती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणादायी नेतृत्व का परिणाम है, जिनके नेतृत्व में संगठन निरंतर मजबूत हुआ है और प्रत्येक कार्यकर्ता को आगे बढऩे के अवसर प्राप्त हुए हैं। भाजपा सिरसा परिवार नितिन नवीन के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं देशभर के समर्पित भाजपा कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करता है, जिनकी मेहनत और समर्पण से पार्टी निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रही है। एडवोकेट यतीद्र सिंह ने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सफल एवं सशक्त कार्यकाल के लिए भी उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा के नेतृत्व में पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती, चुनावी सफलताओं और राष्ट्रसेवा के अनेक महत्वपूर्ण आयाम स्थापित किए, जो सदैव स्मरणीय रहेंगे। अंत में उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगी तथा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के संकल्प को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

