तीन घंटे ठप रहा रेल परिचालन*
देवघर 22 jan, (Rns) । हावड़ा–पटना मेन रेल मार्ग पर पूर्व रेलवे के आसनसोल रेलखंड में गुरुवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। जसीडीह–मधुपुर रेलखंड पर कुमड़ाबाद रोहिणी और शंकरपुर रेलवे स्टेशन के बीच स्थित रेल गुमटी संख्या 27 (नावाडीह गुमटी) पर 13510 डाउन गोंडा–आसनसोल एक्सप्रेस एक ट्रक से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 9:38 बजे गोंडा से आसनसोल जा रही ट्रेन रेलवे फाटक पर खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि ट्रेन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि फाटक पर जाम की स्थिति के कारण गुमटी पूरी तरह बंद नहीं हो सकी, जिससे ट्रक रेलवे ट्रैक पर फंस गया। इसी दौरान जसीडीह स्टेशन से खुलकर मधुपुर की ओर जा रही गोंडा–आसनसोल एक्सप्रेस लगातार सिटी बजाते हुए फाटक के पास पहुंची। सामने ट्रक को देख चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन तब तक ट्रक से टक्कर हो चुकी थी।
संयोगवश इस हादसे में किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई। घटना के बाद करीब तीन घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बहाली का कार्य शुरू किया।

