नईदिल्ली,24 जनवरी। भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. वो इस समय टी20 क्रिकेट के नंबर वन बल्लेबाज हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही पांच मैचों की घरेलू टी20 सीरीज के पहले मैच में 35 गेंद पर 84 रन बनाकर अपना इरादा साफ जाहिर कर दिया. वो शुरू से ही आक्रामक खेलकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाते हैं और रन रेट को इतना ऊपर कर देते है कि आने वाले खिलाड़ी को सेट होने में कोई प्रॉब्लम नहीं होती है.
अभिषेक शर्मा भारतीय टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड का भी हिस्सा हैं और वो उन पांच खिलाडिय़ों में शामिल हैं जो अपना पहला आईसीसी वर्ल्ड कप खेलेंगे. जिनमें तिलक वर्मा, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर, और ईशान किशन का नाम शामिल है. इन पांचों खिलाडिय़ों में अभिषेक शर्मा भारतीय टीम के लिए एक्स फैक्टर साबित हो सकते हैं.
उन्होंने अपने पहले वर्ल्ड कप की तैयारी के बारे में बात करते हुए कहा कि मेरा काम पहले छह ओवरों में आक्रामक क्रिकेट खेलना है. मैं इसके लिए बहुत अभ्यास कर रहा हूं. मुझे पता है कि अगर मैं अच्छी शुरुआत देता हूं या शुरुआत में अच्छा इरादा दिखाता हूं, तो टीम उस गति को बनाए रख सकती है. मैं हमेशा इसी बारे में सोचता हूं.
जियोस्टार से बात करते हुए अभिषेक ने कहा कि उन्होंने अपना आक्रामक तरीका रोहित शर्मा के पावरप्ले में किए गए कारनामों से सीखा है, और कहा कि वह 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम के लिए आक्रामक रूप से खेलकर खुश हैं.
अभिषेक ने कहा, रोहित भाई ने देश के लिए बहुत कुछ किया है. पावरप्ले में वह जिस तरह की शुरुआत देते थे, उससे हमेशा दबाव रहता है. जब मैं टीम में आया, तो कोच और कप्तान भी मुझसे यही चाहते थे. मुझे लगा कि यह मेरे स्टाइल को भी सूट करता है क्योंकि मुझे पहली कुछ गेंदों से ही अटैक करना पसंद है. इसलिए, मुझे लगता है कि मैं रोहित भाई के नक्शेकदम पर चल रहा हूं, और मैं इस तरह से खेलकर और भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन करके बहुत खुश हूं.
आने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के बारे में अभिषेक ने कहा, मैं अलग-अलग स्थितियों के लिए तैयारी करने के लिए नेट्स में मैच जैसी कंडीशन बनाता हूं. मैं नेट्स में अपने जैसे बॉलर्स से बॉलिंग करवाने की कोशिश करता हूं. दूसरी टीम के हर बॉलर के लिए, मैं प्रैक्टिस करने के लिए वैसा ही कोई ढूंढता हूं. और फिर मैं उनसे आउट-स्विंगर, इन-स्विंगर डालने और नई गेंद का इस्तेमाल करने के लिए कहता हूं.
मैं उनसे मेरे लिए कुछ फील्डर्स को बाहर रखने के लिए भी कहता हूं. मुझे पता है, खासकर वर्ल्ड कप और किसी भी मैच में, वे मुझे ज्यादा पेस नहीं देंगे. मैंने पिछले कुछ मैचों में यह महसूस किया, इसलिए मैं इस पर काम कर रहा हूं. अगर आप आक्रामक क्रिकेट खेलना चाहते हैं, तो आपको हर समय अलग-अलग स्थितियों के लिए तैयार रहना होगा.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

