दमोह 24 jan, (rns) । मध्यप्रदेश के दमोह जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 स्थित एक सरकारी कुएं में 3 माह के मासूम बच्चे और उसकी मां के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान जयंती केवट (35 वर्ष) और उनके 3 माह के बेटे दीपांश केवट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे नगर पालिका के कर्मचारियों ने जब कुएं में झांका तो महिला और बच्चे के शव पानी में तैरते हुए दिखाई दिए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच हत्या और हादसे दोनों एंगल से कर रही है। घटना के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

