मुंबई 27 April, (Rns) । मुंबई के पायधोनी इलाके में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के मामले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में 40 वर्षीय पति, 35 वर्षीय पत्नी और उनकी दो बेटियां शामिल हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। मुंबई पुलिस के अनुसार, घटना 25 अप्रैल की रात की है, जब परिवार के कुल नौ सदस्यों ने रात करीब 10:30 बजे साथ में खाना खाया था। खाना खाने के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गए। देर रात करीब 1 बजे से 1:30 बजे के बीच मृतक परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज खाया था। इसके बाद 26 अप्रैल की सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच चारों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। शुरुआत में परिवार के डॉक्टर ने इलाज किया; बाद में हालत गंभीर होने पर उन्हें जेजे अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान सबसे पहले छोटी बेटी जैनब की सुबह करीब 10:15 बजे मौत हो गई। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे पिता अब्दुल्ला दोकाडिया ने दम तोड़ दिया। बाद में पत्नी नसरिन दोकाडिया और बड़ी बेटी आयशा की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है, लेकिन मौत की असली वजह हिस्टोपैथोलॉजिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत (एडी) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

