नईदिल्ली,25 जनवरी। पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप के बॉयकॉट और आईसीसी की चेतावनी की खबरों के बीच टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है.
स्क्वाड में स्टार बल्लेबाज बाबर आजम और स्टार गेंदबाज शाहीन अफरीदी को जगह दी गई है. जबकि तेज गेंदबाज हारिस रऊफ और पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान को इस बार टीम में नहीं शामिल किया गया है. ये बाबर आजम अपना का चौथा टी20 वर्ल्ड कप होगा. इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 17 टी20 वर्ल्ड कप मैचों में 111.35 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं, जबकि सबसे छोटे फॉर्मेट में उनका करियर स्ट्राइक रेट 128.45 है, जो मौजूदा दौर के टी20 मैचों की गति को देखते हुए औसत से कम लगता है.
टीम में तीन खिलाड़ी – ख्वाजा मोहम्मद नाफे, साहिबजादा फरहान और उस्मान तारिक – अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे हैं. ख्वाजा ने श्रीलंका के खिलाफ एक टी20 मैच खेला है, जिसमें उन्होंने 26 रन बनाए हैं. साहिबजादा ने 37 टी20 पारियों में 129.15 के स्ट्राइक रेट से 917 रन बनाए हैं. तारिक ने दो मैचों में 5.50 की इकॉनमी से छह विकेट लिए हैं.
सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) अबरार अहमद, और उस्मान तारिक.
2009 की विजेता पाकिस्तान को ग्रुप ए में टूर्नामेंट की सह-मेजबान और डिफेंडिंग चैंपियन भारत, नीदरलैंड, अमेरिका और नामीबिया के साथ रखा गया है. वो 7 फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करेगा.
बता दें कि पाकिस्तान की टीम की घोषणा पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी के उस बयान के ठीक एक दिन बाद हुई है जिसमें उन्होंने कहा था कि टी20 वर्ल्ड कप में उनकी भागीदारी पर अंतिम फैसला सरकार से बात करने के बाद लिया जाएगा.
बांग्लादेश के वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद, नकवी ने आईसीसी पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया और बांग्लादेश के साथ जो हुआ उसे अन्याय बताया. उन्होंने यह भी कहा कि टी20 वर्ल्ड कप में उनकी भागीदारी पर अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार से बात करने के बाद लिया जाएगा.
नकवी ने शनिवार को पत्रकारों से कहा, बांग्लादेश के साथ गलत व्यवहार किया गया है, एक देश जब चाहे कोई भी फैसला ले सकता है, जबकि दूसरे देश के लिए यह उल्टा है. बांग्लादेश एक बड़ा स्टेकहोल्डर है, और यह अन्याय नहीं होना चाहिए.
उन्होंने आगे कहा, वर्ल्ड कप में भागीदारी पर हमारा रुख वही होगा जो पाकिस्तान सरकार मुझे निर्देश देगी. प्रधानमंत्री अभी पाकिस्तान में नहीं हैं. जब वह लौटेंगे, तो मैं आपको हमारा अंतिम फैसला बता पाऊंगा. यह सरकार का फैसला है. हम उनकी बात मानते हैं, आईसीसी की नहीं.
इसके बाद ये खबरें रिपोर्ट होने लगी की इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का भाग लेना भी कंफर्म नहीं है. जिसके बाद ये रिपोर्ट सामने आई कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को चेतावनी दी है कि अगर वे बांग्लादेश के समर्थन में टी20 वर्ल्ड कप 2026 से हटते हैं, तो उन पर गंभीर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं.
रिपोर्ट के अनुसार, अगर पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 से हटता है, तो आईसीसी प्रतिबंध लगा सकता है, जिसमें सभी द्विपक्षीय सीरीज का सस्पेंशन, पाकिस्तान सुपर लीग में विदेशी खिलाडिय़ों के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट देने से इनकार, और एशिया कप से बाहर करना शामिल है.
बता दें कि आईसीसी ने शनिवार को घोषणा की कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड लेगा, क्योंकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मैच शेड्यूल के अनुसार टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

