नईदिल्ली,25 जनवरी। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रायपुर में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले गए टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 37 गेंदों पर 82* रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने टी-20 क्रिकेट में अपने 400 छक्के पूरे भी कर लिए। उनकी इस पारी से भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। आइए टी-20 क्रिकेट में 400 से अधिक छक्के जडऩे वाले भारतीयों पर नजर डालते हैं।
टी-20 क्रिकेट में 500 छक्के जडऩे वाले एकमात्र भारतीय पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैं। उन्होंने 463 टी-20 मैचों में 547 छक्के जड़े हैं। रोहित ने 30.85 की औसत और 135.21 की स्ट्राइक रेट से 12,248 टी-20 रन अपने नाम किए हैं। इसमें 8 शतक और 82 अर्धशतक शामिल हैं। रोहित के 205 छक्के टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे अधिक हैं। उनके 302 छक्के इंडियन प्रीमियर लीग में आए हैं।
इस सूची में पूर्व कप्तान विराट कोहली दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 414 टी-20 मैचों में 435 छक्के अपने नाम किए हैं। वह 41.9 की औसत और 134.67 की स्ट्राइक रेट से 13,543 रन बनाने में भी सफल रहे हैं। इसमें 9 शतक और 105 अर्धशतक शामिल हैं। विराट ने भारत के लिए टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 124 छक्के लगाए हैं। उनके 291 छक्के आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए आए हैं।
सूर्यकुमार को उपरोक्त मैच में यह उपलब्धि हासिल करने के लिए चार छक्कों की आवश्यकता थी और उन्होंने अपनी 82* रनों की पारी में कुल 4 छक्के लगाए । उन्होंने यह उपलब्धि अपने 348वें टी-20 मैच में हासिल की है। वह 35.09 की औसत और 152.70 की स्ट्राइक रेट से 9,089 रन बना चुके हैं। यह उनका 60वां अर्धशतक था और वह 6 शतक जड़ चुके हैं। उनके 160 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में और आईपीएल में 168 छक्के आए हैं।
००

