ऋषिकेश,25 जनवरी (आरएनएस)। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज छिद्दरवाला में रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर एनएसएस स्वयंसेवियों ने रैली निकालकर ग्रामीणों को मतदान के लिए जागरूक किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में सोनल अव्वल रहीं। रविवार को राइंका छिद्दरवाला में आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी मुकेश शर्मा ने कहा कि मताधिकार सभी के लिए जरूरी है। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके छात्र एवं छात्राएं एवं अन्य बालक बालिकाएं ऑनलाइन एवं बीएलओ के माध्यम से अपने निर्वाचन पहचान पत्र के लिए आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम अधिकारी ओमवीर सिंह सैनी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मताधिकार जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति का वोट ही देश के भविष्य की नींव रखता है। स्वयंसेवियों ने मतदान के लिए एक शपथ ली। वहीं विद्यालय में मतदान दिवस के उपलक्य में एक पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें सोनल ने प्रथम, साहिल ने द्वितीय और हंशिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। मौके पर आदित्य राणा, अमित जगूड़ी, शिवचरण नेगी, अभिषेक, रवि शर्मा, आदित्य चिकारा, सानिया, अंजली, दीपांशी भट्ट,तनीषा बिष्ट, खुशी, ऋषिता, आकांक्षा आदि उपस्थित रहे। मतदान करना बेहद जरूरी : अनिता ममगाईं ऋषिकेश। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पूर्व मेयर अनिता ममगाईं ने देहरादून रोड पर स्थित प्राथमिक विद्यालय संख्या एक पर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मतदान सभी का अधिकार है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने मतदान का उपयोग अवश्य करना चाहिए। इसे लोकतंत्र मजबूत होता है। मतदान सबसे बड़ा अधिकार: चिदानंद ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने ऋषिकुमारों को लोकतंत्र की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि मतदाता दिवस हमारे लोकतंत्र का महापर्व है। यह दिवस हमें स्मरण कराता है कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारा पवित्र कर्तव्य है। आज की युवा पीढ़ी, विशेष रूप से जेन जी, भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। आपके एक-एक मत में भारत का कल्चर, नेचर और फ्यूचर सुरक्षित होता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

