रुस ,28 जनवरी। रूस की सेना से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आदेशों की अवहेलना के आरोप में दो रूसी सैनिकों को उनके ही कमांडरों ने बेहद अमानवीय सजा दी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों सैनिकों को एक पेड़ से बांधकर कड़ाके की ठंड में सिर्फ अंडरवियर में खड़ा किया गया और उनके मुंह में जबरन बर्फ ठूंस दी गई।
वायरल वीडियो में दोनों सैनिक अपने सीनियर अधिकारियों से माफी मांगते नजर आते हैं। एक सैनिक कहता है कि मुझे माफ कर दीजिए, आगे से ऐसा नहीं होगा, लेकिन इसके बावजूद अधिकारी का रवैया और ज्यादा क्रूर हो जाता है। वीडियो में एक सीनियर अफसर सैनिक के मुंह में बर्फ डालते हुए कहता है, इसे खाओ, जिससे पूरी घटना और भी भयावह हो जाती है।
वीडियो में अफसर को चिल्लाते हुए यह कहते भी सुना जा सकता है कि दोनों सैनिकों ने बिना अनुमति के अपनी पोस्ट छोडऩे की कोशिश की और आदेश मानने से इनकार किया। वह सैनिकों पर झूठ बोलने का भी आरोप लगाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों सैनिक अपने कमांडर द्वारा बताए गए स्थान तक नहीं पहुंच पाए थे, हालांकि उस स्थान और मिशन के उद्देश्य को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए शांति वार्ता की कोशिशें जारी हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साफ कहा है कि जब तक यूक्रेन अपने कुछ क्षेत्रों पर दावा नहीं छोड़ता, तब तक रूसी सेना की वापसी संभव नहीं है। वहीं यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया है।
जेलेंस्की पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि यूक्रेन किसी भी सूरत में अपना इलाका नहीं छोड़ेगा। उनका कहना है कि न तो कानून, न अंतरराष्ट्रीय नियम और न ही नैतिकता इसकी इजाजत देती है। उन्होंने कहा कि देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए ही यूक्रेन संघर्ष कर रहा है। रूसी सेना से जुड़े इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर युद्ध के दौरान मानवाधिकारों और सैनिकों के साथ होने वाले व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
00

