0-राष्ट्रीय न्यूज़ सर्विस जिला संवाददाता सुल्तानपुर रामराज पाण्डेय
सुल्तानपुर,11 जून(आरएनएस)। जिले में मोबाइल टावरों से महंगी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के खिलाफ कोतवाली देहात, अखंडनगर समेत जिले के आठ थानों में मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुल्तानपुर के अलावा जौनपुर और प्रतापगढ़ जनपदों में भी टावर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी लखनऊ में रुककर पहले रेकी करते थे और ऐसे मोबाइल टावरों को निशाना बनाते थे जहां सीसीटीवी कैमरे या अन्य सुरक्षा व्यवस्था नहीं होती थी।
एसपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य पूर्व में गाजियाबाद से भी जेल जा चुके हैं। चोरी की गई महंगी डिवाइसों को दिल्ली में बेचने का नेटवर्क भी सामने आया है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
पुलिस का मानना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से जिले सहित आसपास के जनपदों में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा होगा। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

