०घर-घर शौचालय निर्माण, उपयोग एवं कचरा संग्रहण को लेकर चलाया जा रहा जन जागरूकता अभियान
दंतेवाड़ा,11 जून (आरएनएस)। जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत 20 मई 2026 से 15 जून 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, खुले में शौच की प्रवृत्ति को समाप्त करना तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देना है।अभियान के दौरान जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विकासखंड समन्वयक, युवोदय टीम एवं स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है। विशेष रूप से उन परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिनके घरों में अभी तक शौचालय उपलब्ध नहीं है। स्व-सहायता समूह की महिलाएं घर-घर जाकर शौचालय नहीं होने से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, स्वच्छता के लाभ तथा शौचालय के नियमित उपयोग के महत्व के बारे में ग्रामीणों को समझा रही हैं। इसके साथ ही घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के उचित निपटान एवं स्वच्छ परिवेश बनाए रखने के लिए भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।युवोदय टीम द्वारा स्थानीय हल्बी एवं गोंडी भाषा में मुन्नादी कर ग्रामीणों को स्वच्छता संबंधी संदेश दिए जा रहे हैं, जिससे अभियान का प्रभाव अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। ग्रामीणों से स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने गांव को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में सहयोग करने की अपील की जा रही है। जिला प्रशासन ने बताया कि विशेष स्वच्छता अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ गांवों के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

