नईदिल्ली,29 जनवरी। टी-20 विश्व कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक कई खिलाडिय़ों ने धमाकेदार पारियां खेलीं हैं। हालांकि, अब तक 9 बार खेले गए इस टूर्नामेंट में सिर्फ 11 बल्लेबाजों ने ही शतक जड़ा है। क्रिस गेल को छोड़कर और कोई भी बल्लेबाज एक से ज्यादा शतक नहीं लगा पाया है। ऐसे में आइए टूर्नामेंट के इतिहास में शतक जडऩे वाले बल्लेबाजों पर एक नजर डाल लेते हैं।
गेल ने टी-20 विश्व कप के इतिहास का पहला शतक लगाया था। उन्होंने 2007 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ 57 गेंदों में 117 रन की पारी खेली थी। उनके बल्ले से 7 चौके और 10 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 205.26 की रही थी। सुरेश रैना ने 2010 में दक्षिण अफ्रीका के ही खिलाफ 60 गेंदों में 101 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 9 चौके और 5 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 168.33 की थी।
श्रीलंका के पूर्व स्टार बल्लेबाज महेला जयवर्धने ने 2010 के टी-20 विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 64 गेंदों का सामना करते हुए 100 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 10 चौके और 4 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 156.25 की रही थी। ब्रेडन मैकुलम ने 2012 के विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ सिर्फ 58 गेंदों 123 रन जड़ दिए थे। उनके बल्ले से 11 चौके और 7 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 212.06 की थी।
साल 2014 के विश्व कप में 2 शतक लगे थे। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के एलेक्स हेल्स ने श्रीलंका के खिलाफ 64 गेंदों में 116 रन की पारी खेली थी। उनके बल्ले से 11 चौके और 6 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 181.25 की रही थी। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के अहमद शाहजाद ने बांग्लादेश के खिलाफ 62 गेंदों में 111 रन जड़े थे। उनके बल्ले से 10 चौके और 5 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 179.03 की रही थी।
साल 2016 के टी-20 विश्व कप में भी 2 शतक लगे थे। बांग्लादेश के तमीम इकबाल ने ओमान के खिलाफ 63 गेंदों का सामना कर 103 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 10 चौके और 5 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 163.49 की रही थी। गेल ने इंग्लैंड के खिलाफ 48 गेंदों का सामना किया था और उनके बल्ले से 100 रन निकले थे। उन्होंने 5 चौके और 11 छक्के लगाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 208.33 की रही थी।
जोस बटलर ने 2021 के टी-20 विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी। उन्होंने 67 गेंदों का सामना कर 101 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 6 चौके और 6 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 150.74 की रही थी। दक्षिण अफ्रीका के राइली रूसो ने 2022 के विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ 56 गेंदों में 109 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 7 चौके और 8 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 194.64 की थी।
न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स ने टी-20 विश्व कप का आखिरी शतक लगाया था। उन्होंने साल 2022 में श्रीलंका के खिलाफ 64 गेंदों में 104 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 10 चौके और 4 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 162.50 की रही थी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

