वॉशिंगटन ,29 जनवरी । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वह तुरंत परमाणु हथियारों को लेकर समझौते के लिए बातचीत की मेज पर आए, अन्यथा अमेरिका की ओर से अगला सैन्य हमला पहले से कहीं अधिक भयावह होगा। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथÓ पर लिखा कि ईरान के पास अब ज्यादा समय नहीं है और निष्पक्ष व न्यायसंगत समझौते की तत्काल जरूरत है, जिसमें परमाणु हथियारों की कोई गुंजाइश न हो।
ट्रंप ने याद दिलाया कि उनके पहले कार्यकाल के दौरान अमेरिका 2015 के बहुपक्षीय परमाणु समझौते से अलग हो गया था। उन्होंने दावा किया कि उनकी पिछली चेतावनी के बाद ईरान पर सैन्य कार्रवाई हुई थी और यदि स्थिति दोबारा बिगड़ी तो अगला हमला कहीं अधिक गंभीर होगा। राष्ट्रपति ने यह भी संकेत दिया कि एक और अमेरिकी युद्धपोत ईरान की दिशा में बढ़ रहा है।
उधर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ट्रंप के दावों को खारिज करते हुए कहा कि हाल के दिनों में उनका अमेरिकी स्पेशल एनवॉय स्टीव विटकॉफ से कोई औपचारिक संपर्क नहीं हुआ है और न ही किसी तरह की बातचीत का अनुरोध किया गया है। हालांकि, ईरान की सेमी-ऑफिशियल ईरानी स्टूडेंट्स न्यूज एजेंसी ने दावा किया है कि दोनों पक्षों के बीच अनौपचारिक स्तर पर संदेशों का आदान-प्रदान हो रहा है।
ट्रंप इससे पहले भी कई बार ईरान को चेतावनी दे चुके हैं और कह चुके हैं कि जून में हुए हमलों के बाद ईरान का परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह खत्म हो गया था। ट्रंप के ताजा बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें सत्र के उच्च स्तर पर पहुंच गईं। बढ़ते तनाव के बीच कई देशों ने अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता की पेशकश भी की है, ताकि हालात और न बिगड़ें।
00

