कोलंबिया ,29 जनवरी । कोलंबिया में एक भयानक विमान हादसा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को उत्तर-पूर्वी कोलंबिया के नॉर्टे डी सेंटेंडर प्रांत के एक ग्रामीण इलाके में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 15 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक कांग्रेस सदस्य भी शामिल थे।
उड़ान का संचालन करने वाली सरकारी एयरलाइन सतेना ने बताया कि यात्रियों की स्थिति का पता लगाने के लिए तुरंत बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया था। बाद में कोलंबिया के परिवहन मंत्रालय ने एक बयान जारी कर पुष्टि की कि हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा।
विमान, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर ॥्य4709 था, स्थानीय समयानुसार सुबह 11:42 बजे कुकुटा हवाई अड्डे से ओकाना के लिए रवाना हुआ था। ओकाना पहाड़ों से घिरा एक शहर है और यह उड़ान आमतौर पर लगभग 40 मिनट की होती है। सतेना की ओर से जारी बयान में कहा गया कि विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से आखिरी संपर्क उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद हुआ था। अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन कहा कि मामले की जांच की जाएगी।
एयरलाइन के अनुसार, इस छोटे विमान में दो क्रू मेंबर और 13 यात्री सवार थे। यात्रियों में कैटाटुम्बो क्षेत्र से हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के सदस्य 36 वर्षीय डियोजेनेस क्विंटरो भी शामिल थे। क्विंटरो वेनेजुएला से सटे अशांत सीमा क्षेत्र में एक जाने-माने मानवाधिकार रक्षक थे। पेशे से वकील क्विंटरो को 2022 में निचले सदन के 16 प्रतिनिधियों में से एक के रूप में चुना गया था, ताकि कोलंबिया के दशकों लंबे सशस्त्र संघर्ष से पीडि़त लोगों का प्रतिनिधित्व किया जा सके।
उनकी मौत पर पार्टी नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि वे अपने क्षेत्र के प्रति समर्पित नेता थे और उनमें सेवा की सच्ची भावना थी। कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से हादसे पर शोक जताया। उन्होंने कहा, इन मौतों से मुझे गहरा दुख हुआ है। पीडि़तों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।
00

