भोपाल 29 जनवरी (आरएनएस)। भोपाल विदिशा रोड स्थित गौर शादी हॉल के करीब 40 यात्रियों से भरी एक बस और ट्रक की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने के बाद बस सड़क से उतरी और एक पेड़ से टकरा गई।
हालांकि बस में सवार चालक-परिचालक सहित यात्रियों को गंभीर चोट नहीं लगी। पुलिस का कहना है कि थाने में शिकायत नहीं आई है, हादसे की सूचना है। कोई गंभीर जनहानी नहीं हुई है।
टीआई सरसवती चौहान के मुताबिक गुरुवार की शाम को गुप्ता ट्रैवल्स की बस भोपाल से विदिशा जा रही थी। विदिशा रोड गौर शादी हॉल के पास बस टाटा 407 ट्रक से टकराई और कच्चे रास्ते पर उतर गई।
इससे बस का अगला कांच टूटा और चालक को मामूली चोट आई हैं। यात्रियों को गंभीर चोट की सूचना नहीं है। किसी ने शिकायत भी दर्ज नहीं कराई है। यात्री अपने-अपने घर लौट गए हैं। शिकायत मिलने पर जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

