जबलपुर 29 जनवरी (आरएनएस)।पनागर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशनेर ब्रिज के पास मंगलवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब मोपेड सवार तीन बदमाशों ने चाकू अड़ाकर एक महिला से लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र और बैग लूट लिया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांधी ग्राम बुढ़ागर निवासी 30 वर्षीय हेमलता बर्मन ने पनागर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। हेमलता एक होटल में बाउंसर के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार रात वह अपनी ससुराल गांधी ग्राम से मोपेड पर सवार होकर मायके महाराजपुर जा रही थीं। इसी दौरान कुशनेर ब्रिज के नीचे मोपेड सवार तीन युवकों ने उनकी गाड़ी के सामने अपनी गाड़ी अड़ाकर रास्ता रोक लिया। फिर बदमाशों ने चाकू निकालकर अड़ाकर हेमलात से मंगलसूत्र बैग छीन लिया।
पीडि़ता के अनुसार, एक बदमाश ने उनके गले पर चाकू अड़ा दिया। जबकि दूसरे आरोपी ने गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। तीसरे आरोपी ने उनका बैग लूट लिया। बैग में मोबाइल फोन, आधार कार्ड की फोटोकॉपी और लगभग दो हजार रुपए नकद रखे थे। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पनागर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। हुलिए के आधार पर पुलिस ने देवरी निवासी रोहित केवट उर्फ जॉन, रैपुरा निवासी रोहित केवट उर्फ ब्रावो और तिवारीखेड़ा निवासी सुजीत काछी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र, नकदी, पर्स और वारदात में प्रयुक्त मोपेड जब्त कर ली है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

