भोपाल 30 जनवरी (आरएनएस)। 1 फरवरी 2026 को प्रस्तुत होने वाले 80वें केंद्रीय बजट के संदर्भ में विकसित भारत ञ्च2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी, भोपाल नगर की एक महत्वपूर्ण कामकाजी बैठक पंडित दीनदयाल परिसर, प्रदेश भाजपा कार्यालय में संपन्न हुई।
बैठक में जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति ने केंद्रीय बजट 2026 के जनहितकारी प्रावधानों के प्रभावी प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने योजना, क्रियान्वयन, मीडिया, सोशल मीडिया तथा अन्य जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से बजट की विशेषताओं को आमजन तक पहुँचाने की रणनीति पर मार्गदर्शन दिया। यति ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 विकास, विश्वास और जनकल्याण के मूल मंत्र पर आधारित होगा, जो भारत को वर्ष 2047 तक एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत होने वाला यह बजट समाज के सभी वर्गों—किसान, महिला, युवा, श्रमिक एवं मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। बैठक में यह संकल्प लिया गया कि बजट 2026 में निहित जनकल्याणकारी प्रावधानों को सरल, स्पष्ट एवं प्रभावी भाषा में जनता तक पहुँचाया जाएगा, ताकि विकसित भारत ञ्च2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा से विधायक भगवानदास सबनानी, भाजपा जिला प्रभारी महेंद्र यादव, महापौर मालती राय, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, जिला महामंत्री जगदीश यादव, कार्यक्रम टोली के संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष शंकर मकोरिया, सहित टोली के सदस्य, भासित दीक्षित, गुंजन चौकसे, प्रवीण प्रेमचंदानी, मलखान सिंह, विश्व विजय सिंह, जगदीश विश्वकर्मा, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण एवं मोर्चा अध्यक्षगण उपस्थित रहे।

