नईदिल्ली,31 जनवरी। अमेजन ने हाल ही में हजारों कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है। इस बीच अब कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर बड़ा दांव लगाने की तैयारी कर रही है। वॉल स्ट्रीट जनरल के मुताबिक, अमेजन ओपनएआई में करीब 50 अरब डॉलर (लगभग 4,600 अरब रुपये) तक निवेश करने को लेकर बातचीत कर रही है। यह बातचीत ऐसे समय हो रही है, जब कंपनी लागत घटाने के साथ-साथ भविष्य की तकनीक में निवेश बढ़ाने की रणनीति अपना रही है।
अमेजन ने पुष्टि की है कि वह करीब 16,000 कॉर्पोरेट कर्मचारियों की नौकरियां खत्म करेगी। इससे पहले अक्टूबर में भी बड़े स्तर पर छंटनी हो चुकी है। इसके बावजूद कंपनी एआई को अपने भविष्य का अहम आधार मान रही है। अमेजन का मानना है कि आने वाले वर्षों में एआई न सिर्फ उसके बिजनेस मॉडल को बदलेगा, बल्कि कस्टमर सर्विस, लॉजिस्टिक्स और इंटरनल सिस्टम को भी ज्यादा तेज और असरदार बनाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेजन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एंडी जेस्सी खुद ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन के साथ इस निवेश बातचीत को आगे बढ़ा रहे हैं। अगर यह डील पूरी होती है, तो अमेजन ओपनएआई के सबसे बड़े निवेशकों में शामिल हो सकता है। इससे पहले भी अमेजन की क्लाउड यूनिट अमेजन वेब सर्विसेज और ओपनएआई के बीच अरबों डॉलर की सर्विस डील हो चुकी है, जो दोनों कंपनियों के रिश्ते को और मजबूत करती है।
अमेजन ने एआई में निवेश के लिए सिर्फ ओपनएआई पर निर्भर रहने का फैसला नहीं किया है। कंपनी पहले ही एंथ्रोपिक नाम की एआई फर्म में करीब 8 अरब डॉलर (लगभग 700 अरब रुपये) लगा चुकी है। इसके अलावा, अमेजन बड़े डाटा सेंटर्स और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी भारी खर्च कर रही है। इससे साफ है कि भले ही नौकरियां कम हो रही हों, लेकिन अमेजन का भविष्य एआई पर टिकता नजर आ रहा है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

